Saturday, 19 October 2024

वरिष्ठ साहित्य कार सदाशिव कौतुक जी की आत्म कथा ‘ जितना मुझे याद रहा’

वरिष्ठ साहित्य कार सदाशिव कौतुक जी की आत्म कथा  जितना मुझे याद रहा

मेरी नजर से ....... भाग (‌1)

आजकल मेरी आंखे इंदौर के वरिष्ठ कवि सदाशिव कौतुक जी की आत्मकथा जितना मुझे याद  रहा के पन्नों पर भ्रमण कर रही है। अपने जीवन के बीते वर्षो‌ नहीं बल्कि पल पल के अनुभवों और यादों को उन्होंने अपनी इस 251 प्रष्ठों की पुस्तक में बड़ी ही खूबसूरती तथा बारीकी के साथ सांझा किया है। मुझे लगता है कि पुस्तक का शीर्षक जितना के स्थान पर  कितना कुछ मुझे याद रहा होना चाहिये।

कौतुक जी से यूं तो अनेकों साहित्यिक आयोजनों में सामना ( इसे मिलना नहीं कहा जा सकता) हुआ। सही मायनों में मिलना तब हुआ जब मैं जनवरी 22 के दूसरे पखवाड़े में अपने प्रथम काव्य संकलन ठेला की एक प्रति उन्हें भेंट करने के लिये उनके निवास पर पहुंचा। पुस्तक उन्हें दिल से पसंद आई और उन्होंने बिना किसी अनुरोध के चंद दिनों में मेरी पुस्तक की हस्त लिखित समीक्षा मुझे भेज दी तथा मुझे तथा मेरे ठेले को खुशियों से सराबोर कर दिया।

उस आत्मीय मुलाकात में चाय के साथ चर्चा में उन्होंने अपने जीवन के संघर्ष के बारे में संक्षेप में बताया। साथ ही अपनी आत्म कथा की पुस्तक  जितना मुझे याद रहा  इस शर्त के साथ भेंट की कि इस पढ़कर वापस करना होगा क्योंकि बहुत कम प्रतियां शेष हैं।

पुस्तक 'जितना मुझे याद रहाको बांचने का श्रीगणेश 22 जनवरी 22 से किया। आत्मकथ्य ने ही मुझे विस्मितअभिभूत तथा मंत्र मुग्ध कर दिया। जब आगाज़ ऐसा है तो पुस्तक उत्कृष्ट विचारों वा अनुभवों की खान जरूर होगी।

पुस्तक के नाम का चुनाव लाजवाब है। पुस्तक के कवर पेज पर कौतुक जी के चित्र के पीछे एक और छायाचित्र की उपस्थिति उनके मन की यादों को प्रतिबिंबित करती है। बहुत ही उम्दा छायाचित्र है।

अपने आत्मकथ्य में अपने संघर्ष की गाथा की भूमिका रचते हुए वे कहते हैं कि  समय ना रुकता है, न लौट कर आता है। समय हमारी परीक्षा भी लेता है। यदि हम समय को नजरअंदाज कर जाते हैं तो बाद में समय हमारी हंसी उड़ाता है। हमारी पदचाप के पल पल की आहट समय के खाते में दर्ज होती है। समय विराट और असीमित है। समय प्रकृति है, समय ईश्वर है जिसे हमारे आने वाले पल का भी पता है और घटित होने वाली घटना का भी।

1990 के दशक की बात थी जब मैं अपने साहित्यकार जीजाजी जवाहर लाल गर्ग के साथ कार में एक साहित्यिक कार्यक्रम में भाग लेने खंडवा जा रहा था। साथ में एक और साहित्यकार मित्र थे जिन्होंने रास्ते में पुरजोर तरीके से अपने तर्कों से बताया कि समय ही ईश्वर की परिभाषा पर खरा उतरता है। उनका यह तर्क मुझे वर्षों तक याद रहा। आत्म कथ्य में इसका जिक्र पाकर मैंने जीजाजी से पूछा और जाना कि उस दिन कार में साथ में सदाशिव जी ही थे। यानि मिलना 90 के दशक में हो चुका था।

अपने कथ्य में वे यह भी लिखते हैं कि स्थिर निष्ठा से अपना  जीवन रचने के बाद उन्हें श्रम साध्य रोटी मिली, सुविधा भी मिली परंतु सच्चाई बहुत कम लोगों में मिली। स्वार्थ मिला वह भी सीमा से अधिक। यह विडम्बना तथा विसंगति आज भी यथावत है। शायद समाज में मूल्यों के विघटन का यह भी एक कारण है। साहित्य को उन्होंने आंतरिक जरूरत भी बताया और साथ ही घाटे का कारोबार भी।

समाज को सोचना चाहिये कि क्यों साहित्य घाटे का कारोबार है। दुनिया जितना विज्ञान और उसके द्वारा प्रदत्त भोग विलास के साधन सुविधाओं की मृगमरीचिका के पीछे भाग रही है उतना जी साहित्य सृजन से दूर होती जा रही है जो समाज को दिशा देने का काम करता है। किसी साहित्यकार के सृजन पर नजर डालने, यदि किसी अखबार की सीमित आरक्षित जगह पर उसे जगह मिल पाई तो, के स्थान पर लोगों की रुचि हत्या, बलात्कार, धोखे, घॉटाले, बंद, धरने, दंगे, तोड़फोड़ आदि से सम्बंधित खबरों को बांचने पर अधिक होती है जैसे वह अनुकरणीय कार्य हों। क्या यह एक बीमारू मानसिकता नहीं है। स्थिति तब अधिक गम्भीर हो जाती है जब आजकल के कई साहित्यकार व्यंग्य के नाम पर अपनी ही बिरादरी के साहित्यकारों का मजाक बनाते हैं। हिंदी के समाचार पत्र उन्हें छापते भी हैं। हो सकता है कुछ स्वयं घोषित साहित्यकार तुकबंदी परोस कर लोगोंको बोर करते हों, कुछ सम्मान की जुगाड़ में जोड़ तोड़ कर रहे हों, कुछ मंचासीन होने की जुगत में लगे हों पर  मेरी सोच है कि साहित्य के लिये वे समय तो दे ही रहे हैं कोई चोरी तो नहीं कर रहे, डाका तो नहीं डाल रहे, गले की चेन तो नहीं झपट रहे, पैसे लेकर नेताओं की रेलियों की शोभा तो नहीं बढ़ा रहे, झूठे वादे तो नहीं कर रहे। साहित्य की किसी सभा में उपस्थिति का कोरम तो पूरा कर रहे हैं। ये वहां न हों तो कौन होगा। आजकल आसमान में कव्वे भी नहीं दिखते जो आकर कार्यक्रम को सफल बना देंगे।

पुस्तक के प्रथम अध्याय मेरी प्यारी जन्मभूमि में उन्होंने न केवल गोगावां के भोगौलिक स्वरूप को चित्रित किया वरन अपने समय के असंख्य लोगों के नामकामवेशभूषाजातिस्वभाव आदि का जीवंत विवरण देकर उन्हें इतिहास के पन्नों में दर्ज कर दिया। छब्बू सेठ, गोविंद सेठ, शोभाराम उंदरिया, अब्दुल, मंगूसा सेठ हरि ओम, गंगाराम, ओंकार लाल वैद्य,  दाऊद जी टेलर, भास्कर बुआ शर्मा एक के बाद एक असंख्य नाम रंगमंच के पात्र की तरह अध्याय में अवतरित होते हैं ओर अपनी विशेषता की छाप छो‌डते चलते है। विश्वास ही नहीं होता कि कैसे कोई अपने बचपन के इतने नामों को उनकी विशेषताओं के साथ याद रख सकता है।

इनमें से एक पात्र का जिक्र करना चाहूंगा। वह है टुंडा दाजी चरवाहा। रंग काला, चेहरा डरावना, ऊंचाई छः फीट, हाथ के दोनों पंजे कटे हुए। बांस की एक पतली लाठी का एक सिरा वह बगल में तथा चौथाई सिरा कोहनी के बीच दबाकर वह अडवाट भागने वाले बेंडे पशुओं को काबू में रखता था। दोनों हाथों के पंजे ना होने पर भी वह कांटे दार मछलियां खा लेता था।

अपनी जन्मभूमि को कौतुकजी ने जिस वय में देख या समझ कर इस अध्याय में वर्णित किया उस वय के कितने लोगों को आज की दुनिया के किसी टुंडा दाजी की और ध्यान देने की फुरसत मिलेगी।

अध्याय के अंत में कौतुक जी ने एक ओर बड़ी बात कही कि गांव में बलाई जाति के लोगों को अछूत माना जाता था, उनका गावं के मध्य से आना मना था, घोड़ी पर बैठना मना था था पर गावं के सभी मंगल कार्यों में उन्हें बेंड बाजा बजाने की इजाजत थी। ऐसे अवसर पर ये बलाई अछूत क्यों नहीं माने जाते थे।

अपनी जन्मभूमि के बारे में इतना कुछ लिखकर उसके ऋण से जरूर ऊऋण हो गये सदाशिव कौतुक जी।

आगे जल्दी ही

महेंद्र सांघी दद्दू     ................

आह! वो गर्मियों की छुट्टियां


आह! वो गर्मियों की छुट्टियां 

घर से निकल कर सौ मीटर दूर मेडिकल स्टोर तक गया की तेज धूप और गर्मी से जान निकल गई। तभी देखा की एक मां अपनी पांच छः वर्ष की थकी हुई नन्हीं सी जान को छतरी की छाया में घर लेकर जा रही थी। वहीं दूसरी और एक पिता अपनी बाइक पर दो पस्त लग रहे नन्हें बच्चों को कोचिंग से निकाल कर घर ले जा रहा था। मुझे याद आए बचपन के वे दिन जब मार्च अप्रैल में परीक्षा होते ही बस्ता किसी कोने या टांड़ पर और पूरे दो ढाई महीने बस खाना, पीना, खेलना, कूदना, घूमना, नाना मामा के यहां छुट्टियां मनाने जाना। जिंदगी का आनंद आ जाता था। 

अपने दिन भूलकर अब हम कितने क्रूर गए हैं की अपने जिगर् के  टुकड़ों को जरा सा चेन नहीं लेने देते। तिस पर भी मैने ऐसे मां बाप देखे हैं जो पढ़ने के लिए या कम नंबर लाने के लिए बच्चे को कचोटते ही रहते हैं। पर यह n सोचिएगा की आपको इस अपराध की माफ़ी मिल जाएगी। 

गर्मियों की दो माह की छुट्टियों को नाना मामा दादा दादी भाई बहनों के साथ बिताकर बच्चा जो संस्कार पाता था वे संस्कार उसे नही मिल रहे। बड़ा होकर जब वह अपनी गृहस्थी दूर कहीं अलग बसा ले और आपको अपने जीवन के अंतिम दिन किसी वृद्धाश्रम में बिताना पढ़े तो उनकी असंवेदन शीलता को कोसिएगा मत। वह आप ही की देन होगी।

महेंद्र सांघी



यंत्र पूजा

 यंत्र पूजा

एक फेसबुक के मित्र में पुरानी कार को टा टा बाय बाय करते हुए नई नवेली कार ली। फिर मंदिर जाकर उसकी विधिवत पूजा भी करवाई।

मन में विचार आया कि जब गाड़ी के बीमा का हर साल नवीनीकरण होता है तो उसी तर्ज पर कार की पूजा भी हर बार साल में एक बार होनी चाहिए। आखिर एक बार की पूजा में इतनी कितनी ताकत होगी कि कार के खटारा होने तक प्रभावी रहे। 

मेरी मानिए हर बार जब बीमे का नवीनीकरण करवाओ कार की पूजा भी करवा लो। यदि इस उपाय को लोग अपनाएं तो वाहन दुर्घटनाओं में भारी कमी आ जाएगी।

सिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम



 मेडीकल साइंस की भाषा में SNS सिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम का शार्ट फार्म है। SNS हार्ट रेट व ब्लड प्रेशर को बढ़ाता है, खून की नलियों को सकरा करता है। जब हम चिंता ग्रस्त होते हैं, डरे हुए होते हैं, निराश होते हैं तो SNS की स्थिति में होते हैं। जैसे कि हम मन में सोच लें कि हमारी बीमारी ठीक नहीं होगी तब SNS अपना प्रभाव दिखाता है। आपकी बीमारी को ठीक नहीं होने देता। दवा भी पूरा असर नहीं करती है। इसका विलोम शब्द PSNS यानी पेरासिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम है जो SNS के प्रभाव को उलटी दिशा में मोड़ देता है। आपकी बीमारी तेजी से ठीक होती है। इसीलिए कहा जाता है कि पॉजिटिव सोच रखें।  इसीलिए कहा जाता है डॉक्टर को दिखा देने मात्र से आधी बीमारी ठीक हो जाती है। क्योंकि हमारी सोच कहती है कि अब हम ठीक होने जा रहे हैं। तो कोई भी बीमारी हो मन में विश्वास रखें कि भगवान का बनाया सुरक्षा तंत्र उससे निपट लेगा। इसी विश्वास जिसे हम विल पॉवर भी कह सकते हैं जिसके चलते कई लोग गंभीर व असाध्य रोगों पर भी विजय प्राप्त कर लेते हैं। मैं कोई मेडीकल विशेषज्ञ नहीं हूँ इसलिए इस संदेश में कोई टेक्नीकल खामी न ढूंढ कर पसंद करना चाहें तो करें। गूगल सर्च में भी मिलेगा। सोर्स मटेरियल एक डॉक्टर से बात पर आधारित।